कक्षा - 5
विषय: हिंदी
पुस्तक का नाम: अनुभूति
पाठ संख्या: 13
पाठ का नाम - आज से तीस वर्ष बाद
13. आज से तीस वर्ष बाद
मनुष्य ने रोबोट नाम का एक मशीनी मानव बनाया है। रोबोट बिना साँस लिए, बिना कुछ खाए-पिए लगातार कई घंटों तक कार्य कर सकता है। कल्पना करो उस समय की, जब हर घर में रोबोट हो काम किया करेगा और इनसान आलसी व नाकारा हो जाएगा। विज्ञान का यह आविष्कार क्या हमें अकर्मण्य बनाने की ओर संकेत नहीं करता? (रोबोट इनसान की महान खोज है। वे सभी तरह के काम कर सकते हैं। कल्पना कीजिए कि आज से तीस वर्षों बाद रोबोट एक सभा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उनसे बहुत काम कराया जा रहा है। रॉबिन रोबोट उनका नेता है।) रॉबिन रोबोटः सभी साथियों को मेरा नमस्कार। हम यहाँ कुछ महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए हैं। माइकल रोबोटः कौन-सी महत्वपूर्ण बातों पर?
रॉबिन रोबोट हमसे मनुष्य हर समय बहुत काम कराता है। वह हम पर हमेशा ज्यादा से ज्यादा काम लादता रहता है और खुद कम से कम काम करता है। वह हर वक्त इसी खोज में लगा रहता है कि किस प्रकार हममें बदलाव किए जाएँ कि हम और अधिक काम कर सकें। शाइन रोबोट (हँसते हुए) सही बात है। मनुष्य सिर्फ गप्पे मारता है। सोशल नेटवर्किंग साइट पर लगा रहता है। फ़िल्में देखता है। जंक फूड खाता है और वजन बढ़ाता रहता है। काम तो करता नहीं बल्कि वजन घटाने के लिए जिम में कसरत करता है। मनुष्य हम पर बहुत निर्भर हो गया है। वह दिन-पर-दिन और आलसी होता जा रहा है। रॉबिन रोबोट : मेरे दोस्त! मैं यह जानता हूँ। हम पर काम का बोझ दिन-पर-दिन बढ़ता जा रहा है। काम के बोझ के कारण हम बीमार और बूढ़े होते जा रहे हैं। रैक्सन रोबोट : मुझे उनके पालतू पशुओं को घुमाना, खिलाना और नहलाना बिलकुल पसंद नहीं है। रॉबिन रोबोट: मैं समझ सकता हूँ। मेरे पास हमारे एक साथी रोबोट जेनिसस का पत्र आया है, जो अस्पताल में काम करता है। मैं पढ़कर सुनाता हूँ। प्यारे मित्र, मैं एक आधुनिक अस्पताल में काम करता हूँ। सारे ऑपरेशन मुझसे करवाए जाते हैं। कोई-कोई सर्जरी पाँच-छह घंटे चलती है। मैं थक जाता हैं। कुछ दिनों से वैज्ञानिकों ने मुझमें भावनाएँ डाल दी हैं, जिसके कारण कोई ऑपरेशन असफल होने पर मैं दुखी हो जाता हूँ और रात भर सो नहीं पाता। मेरी मदद करो।
सारे रोबोटः कितना दुखी है बेचारा। हमें क्या करना चाहिए? डिंपक रोबोटः हमें कुछ ऐसे नियम बनाने चाहिए, जिससे हम खुश रह सकें और उन्हें मनुष्य जाति के पास भेज देना चाहिए। रॉबिन रोबोटः ठीक है। पहला नियम है कि हमारे काम करने का समय तय हो। शाइन रोबोटः दूसरा नियम है कि हमें मनोरंजन के लिए भी कुछ समय मिले। रैक्सन रोबोट: हमारे भी परिवार, मित्र व संबंधी होने चाहिए। मंटूक रोबोटः चौथा नियम है कि मनुष्यों को भी हमारी तरह मेहनत करनी चाहिए। टिक्सन रोबोटः पाँचवाँ नियम है कि हम युद्ध लड़ने नहीं जाएँगे। हमें शांति व अहिंसा पसंद है। रॉबिन रोबोटः मेरे ख़याल से हम एक समिति बनाते हैं, जो हमारे हित में कुछ नियम बनाए। सभी रोबोट: यही ठीक रहेगा! रॉबिन रोबोट: इसी के साथ यह सभा समाप्त होती है। धन्यवाद।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें